श्रीनगर,। खिर्सू विकासखंड के पौड़ी रेंज अंतर्गत खंडाह के पास ग्राम सभा बछेली के अमधार में शुक्रवार शाम गुलदार के हमले से 51 वर्षीय बीना देवी की मौत हो गई। गांव से महज 100 मीटर दूर जंगल में हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह गुसाईं के अनुसार, शुक्रवार शाम पांच-छह महिलाएं जंगल में घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने तरुली निवासी बीना देवी, पत्नी स्व. बाल मुकुंदर, के गले पर हमला कर दिया। गुलदार उन्हें घसीटकर झाड़ियों में ले गया। साथ मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग निकला, लेकिन बीना देवी की जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
मंत्री ने जताया दुख :कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने वन विभाग के डीएफओ और संबंधित अधिकारियों को जल्द पिंजरा लगाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शाम छह बजे चारा लेने गई थीं बीना देवी :डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि बीना देवी शुक्रवार शाम करीब छह बजे पशुओं के लिए चारा लेने पास के जंगल में गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की प्रक्रिया भी गतिमान है।






