कर्णप्रयाग के ग्राम सेमी में वारदात, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे किए बरामद
कर्णप्रयाग। दस हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। कर्णप्रयाग के ग्राम सेमी में हुई वारदात के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे ग्राम सेमी में दो व्यक्तियों के बीच मारपीट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को सुमित कुमार (28) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, पानी की टंकी के पास गंभीर रूप से घायल मिला। उसे उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार ने सुमित पर डंडे से हमला किया था और वारदात के बाद फरार हो गया।
मृतक के भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने तलाश के बाद आरोपी सुनील कुमार (28) निवासी गोठिंडा जूनिधार, थराली को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 15–20 दिनों से सुमित के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि 15 अक्टूबर को आरोपी शराब पीने के बाद सुमित के डेरे पर पहुंचा और बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। सुमित के गिरने के बाद भी उसने हमला जारी रखा। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे अशोक कुमार को धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद अशोक ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से दो बांस के डंडे बरामद किए। 16 अक्टूबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।






