श्रीनगर।श्री आदर्श रामलीला समिति की रामलीला के पांचवें दिन राम-केवट संवाद और भरत संताप लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। केवट की भूमिका में दीपक उनियाल ने अपने अभिनय और गायन से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
गुरुवार को रामलीला मंचन से पूर्व भगवान राम के वनगमन की झांकी बाजार के मुख्य मार्ग से होते हुए शारदा स्नान घाट स्थित हनुमान मंदिर तक निकाली गई। इसके बाद रामलीला मैदान में समिति पदाधिकारियों ने मां गंगा की आरती की। कार्यक्रम के अतिथि डॉ. रचित गर्ग और डॉ. मारिषा पंवार का स्मृतिचिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।
मंचन में राम के सुमंत को रथ सहित अयोध्या लौटाने, सीता और लक्ष्मण के साथ वन की ओर प्रस्थान करने तथा पुत्र वियोग में राजा दशरथ के प्राण त्यागने के प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। भरत की भूमिका में कन्हैया और शत्रुघ्न के किरदार में अंश बडोनी ने प्रभावशाली अभिनय किया।
निर्देशक वीरेंद्र रतूड़ी के निर्देशन में कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया। संगीत पक्ष में राजमोहन, जगमोहन, अमन, संजय पांडेय, राघव जोशी और बाल बांसुरी वादक नैतिक पांडेय ने प्रस्तुति दी। वहीं वसुंधा गौतम और प्रिया ठक्कर के गायन ने माहौल को भक्तिमय बनाया।
इस दौरान कैकेयी की भूमिका में पंकज बडोनी, सुमंत के रूप में बुद्धिबल्लभ उनियाल और मंथरा के किरदार में पूरन सिंह सहित अन्य कलाकारों ने भूमिका निभाई। मौके पर समिति अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा, सचिव हिमांशु अग्रवाल और समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।






