कीर्तिनगर, । सुरक्षा मानकों में कमी और आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की अनुपलब्धता पर जिला प्रशासन ने कीर्तिनगर क्षेत्र के मूल्यागांव स्थित मां गंगा बंजी जंपिंग स्थल को सील कर दिया है। उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर पंकज भट्ट ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण करने के बाद यह कार्रवाई की।एसडीएम पंकज भट्ट ने बताया कि स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। साथ ही, बिना पार्किंग के राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन खड़े किए जा रहे थे और निर्धारित सुरक्षा मानकों में भी कमियां पाई गईं। जनसुरक्षा और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए स्थल को नियमानुसार सील किया गया है।प्रशासन ने सील संपत्ति को जंप मास्टर अनूप सिंह की सुपुर्दगी में हिदायत देते हुए सक्षम प्राधिकारी के अग्रिम आदेश तक सील से छेड़छाड़ या संपत्ति में किसी प्रकार का बदलाव नहीं करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।






