यमकेश्वर के विथ्याणी स्थित राजकीय महाविद्यालय में नियुक्ति का मामला, पौड़ी पुलिस ने जांच के बाद की कार्रवाई
फर्जी एवं कूटरचित शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति हासिल करने के आरोप में पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी (49) को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, विथ्याणी (यमकेश्वर) में कथित रूप से फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य ने थाना यमकेश्वर में तहरीर देकर महाविद्यालय में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी के विरुद्ध जाली एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के संबंध में कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थाना यमकेश्वर पुलिस की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मामले की गहन विवेचना करते हुए साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश में लगातार सुरागरसी-पतारसी की। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का पूर्व पता मुरादनगर, गाजियाबाद और वर्तमान पता बादलपुर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि, कांस्टेबल संजीव कुमार, एएसआई अहसान अली (सीआईयू) एवं कांस्टेबल अवनीश राणा (सीआईयू) शामिल रहे।






