श्रीनगर, गढ़वाल । भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय सोशल मीडिया बैठक मंगलवार को श्रीनगर स्थित भाजपा मंडल कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय सोशल मीडिया प्रभारी मनन दाणी एवं प्रदेश सह-संयोजक सोशल मीडिया करुण दत्ता ने जिला एवं मंडल स्तर के सोशल मीडिया पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। बैठक में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, संगठनात्मक गतिविधियों के प्रचार-प्रसार तथा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय सोशल मीडिया प्रभारी मनन दाणी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का एक प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। ऐसे में पार्टी के सभी सोशल मीडिया पदाधिकारियों को इसका सकारात्मक एवं रचनात्मक सदुपयोग करना चाहिए। कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की नीतियों, सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और पार्टी की गतिविधियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया टीम को सक्रिय, संगठित एवं तकनीकी रूप से दक्ष बनाने पर जोर दिया। उन्होंने जिला एवं मंडल स्तर की टीमों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के विभिन्न तरीके भी बताए।
प्रदेश सह-संयोजक सोशल मीडिया करुण दत्ता ने सभी पदाधिकारियों से नियमित रूप से सक्रिय रहने और संगठन के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से साझा करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने भी सोशल मीडिया विभाग के सभी पदाधिकारियों को सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला महामंत्री गणेश भट्ट, जिला सोशल मीडिया संयोजक सीमा भंडारी आदि उपस्थित रहे।






