3,368 मीटर की ऊंचाई पर बसा हिमालयी बुग्याल प्रकृति प्रेमियों और ट्रैकिंग के शौकीनों को करेगा आकर्षित
टिहरी गढ़वाल। हिमालय की गोद में समुद्र तल से लगभग 3,368 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पंवाली कांठा बुग्याल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के चलते पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरने की क्षमता रखता है। विस्तृत घास के मैदान, हिमाच्छादित पर्वत चोटियां, घने जंगल और रंग-बिरंगे जंगली फूल इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान देते हैं। टिहरी गढ़वाल के अपेक्षाकृत कम चर्चित पर्यटन स्थलों में शामिल पंवाली कांठा को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रशासन और स्थानीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
घनसाली क्षेत्र से शुरू होने वाला पंवाली कांठा ट्रैक मेंडू सिंदवाल गांव और माटिया बुग्याल जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरता है। इस दौरान पर्यटकों को पहाड़ी जंगलों, प्राकृतिक झरनों, छोटे तालाबों और विस्तृत बुग्यालों के मनमोहक दृश्य देखने को मिलते हैं। ऊंचाई बढ़ने के साथ हिमालय की पर्वत श्रृंखलाओं और बर्फ से ढकी चोटियों का नजारा ट्रैकिंग को रोमांचक बना देता है।
सीडीओ ने किया ट्रैकिंग, पर्यटन संभावनाओं का लिया जायजा
पंवाली कांठा की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को करीब से समझने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने हाल ही में यहां ट्रैकिंग की। उनके साथ खंड विकास अधिकारी भिलंगना विपिन भी मौजूद रहे। ट्रैकिंग के प्रति विशेष रुचि रखने वाले बीडीओ भिलंगना विभिन्न ऊंचाई वाले ट्रैक का अनुभव रखते हैं और क्षेत्र के कम चर्चित पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत हैं।
ट्रैकिंग के दौरान क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताओं, स्थानीय सहभागिता और पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं। अधिकारियों का मानना है कि उचित योजना और सुविधाओं के विकास से पंवाली कांठा को प्रकृति प्रेमियों एवं ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाया जा सकता है।
घंटाकर्ण स्वयं सहायता समूह को 10 लाख की परियोजना
पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ग्रामोत्थान योजना के अंतर्गत स्थानीय घंटाकर्ण स्वयं सहायता समूह को 10 लाख रुपये की परियोजना प्रदान की गई है। समूह की ओर से ट्रैकिंग टीम गठित करने, प्रशिक्षण प्राप्त करने और आवश्यक उपकरण जुटाने के बाद इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करना है। आगामी चरण में मेंडू सिंदवाल गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके लिए पर्यटकों की आवश्यकताओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा पर्यटन विकास
पंवाली कांठा जैसे बुग्याल हिमालय की महत्वपूर्ण प्राकृतिक विरासत हैं। ऐसे में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के सिद्धांतों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है। प्राकृतिक जलस्रोतों, वनस्पतियों और घास के मैदानों को सुरक्षित रखते हुए सुविधाओं का विकास क्षेत्र के दीर्घकालिक संरक्षण में सहायक होगा।
अधिक ऊंचाई, दुर्गम रास्तों और मौसम में तेजी से बदलाव को देखते हुए यहां ट्रैकिंग के लिए शारीरिक तैयारी, आवश्यक उपकरण, मौसम की जानकारी और प्रशिक्षित स्थानीय गाइड की व्यवस्था जरूरी है। स्थानीय सहभागिता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ पंवाली कांठा आने वाले समय में टिहरी गढ़वाल के प्रमुख हिमालयी पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना सकता है।






