रुद्रप्रयाग। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित पंचम Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 के तहत मंगलवार को साइकिल रेस का अगला चरण शुरू हुआ। सुबह 7:30 बजे जीएमवीएन तिलवाड़ा से कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने फ्लैग ऑफ कर देश-विदेश के साइकिलिस्टों को टिहरी जनपद की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना किया।
इस दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। हिमालय की चुनौतीपूर्ण सड़कों, घुमावदार पर्वतीय रास्तों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच साइकिलिस्ट अपनी क्षमता और सहनशक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। 658 किलोमीटर की इस रोमांचक साइकिल रेस के विभिन्न पड़ाव उत्तराखंड के खूबसूरत पर्वतीय मार्गों से होकर गुजर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां माउंटेन साइकिलिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए अनुकूल हैं। इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को देश-विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरणा मिलने के साथ उत्तराखंड की पहचान भी मजबूत होगी।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने साइकिलिस्टों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित और सफल सफर की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहित करते हैं।
गौरतलब है कि Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 के पंचम संस्करण में कुल 658 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस आयोजित की जा रही है। इसमें देश-विदेश के साइकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य उत्तराखंड को माउंटेन साइकिलिंग और साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के डायरेक्टर वीएन सिंह, ज्वाइंट सेक्रेटरी शैलेंद्र पाठक, प्रसन्ना राउत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






