बैंक का काम निपटाकर गांव लौट रही थीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, हादसे से क्षेत्र में शोक
कोटद्वार। लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, वाहन में रिखणीखाल ब्लॉक के ग्राम भंगलवान की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं सवार थीं। सभी सिद्धखाल में बैंक संबंधी कार्य निपटाकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी एवं राहत-बचाव टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्थ भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने खाई में गिरे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया। वहीं, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत सूचना मिलते ही कोटद्वार से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।






