देवप्रयाग। विधानसभा देवप्रयाग क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत मंझाकोट–वनसा–गल्याली मोटर मार्ग के निर्माण एवं पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास विधायक विनोद कंडारी ने किया।
मोटर मार्ग के स्टेज-I एवं स्टेज-II के तहत होने वाले इस कार्य की कुल लंबाई 6.500 किलोमीटर है। इसके लिए कुल 792.34 लाख रुपये (7 करोड़ 92 लाख 34 हजार रुपये) की स्वीकृत लागत निर्धारित की गई है। सड़क निर्माण के साथ ही पांच वर्ष तक इसके अनुरक्षण का कार्य भी किया जाएगा।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि क्षेत्र में सड़क सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मोटर मार्ग के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने के साथ ग्रामीणों को विभिन्न सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
इस अवसर पर जिला मंत्री नरेंद्र कुंवर, मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, महेंद्र पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य अवतार पंवार, ग्राम प्रधान मंजू देवी राणा, महेंद्र सिंह पंवार, अमरजीत, ऐराड़ी ग्राम प्रधान मुकेश कठैत, बलवीर राणा, इंद्रमणि लाल, धनवीर राणा और नीरज रतूड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






