रुद्रप्रयाग। गौ संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के दूसरे चरण के तहत कल 27 जुलाई को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री को गौ सेवकों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ हत्या पर देशव्यापी पूर्ण प्रतिबंध लगाने, नंदी महाराज के संरक्षण एवं सम्मान की व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की जाएगी।
अभियान के जिला संयोजक रोहित डिमरी ने बताया कि गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सरकार का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में केंद्रीय स्तर पर गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना, गोचर बोर्ड का गठन, चारा सुरक्षा नीति लागू करने तथा गौ आधारित कृषि को बढ़ावा देने जैसी मांगें भी प्रमुखता से शामिल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से गौवंश की उपेक्षा हो रही है और नंदी महाराज भी असुरक्षा एवं अनदेखी का सामना कर रहे हैं। ऐसे में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए प्रभावी नीति बनाए जाने की आवश्यकता है। अभियान का उद्देश्य किसी प्रकार का विरोध नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तक जनभावनाओं को पहुंचाना है।
रोहित डिमरी ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में तहसीलों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजे गए थे। अब दूसरे चरण में जिलाधिकारी के माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को अभियान के तीसरे चरण के अंतर्गत मुख्य सचिव के माध्यम से पुनः मांगपत्र सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में गौ माता को प्रधान संरक्षक तथा नंदी महाराज को अध्यक्ष का प्रतीकात्मक दायित्व दिया गया है, ताकि समाज में गौवंश के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।
अभियान के जिला संयोजक ने जनपद के सभी गौ सेवकों, गौ भक्तों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जन-अभियान को सफल बनाने तथा गौ संरक्षण के समर्थन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।






