कोटद्वार, संवाददाता। सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भीड़ का फायदा उठाकर निशाना बनाने वाली दो शातिर महिला टप्पेबाजों को कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन और लॉकेट भी बरामद किया है। दोनों महिलाओं के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को मेरठ निवासी संगम प्रजापति अपने परिवार के साथ सिद्धबली मंदिर दर्शन के लिए आई थीं। दर्शन के दौरान भीड़ में पीछे खड़ी कुछ महिलाओं ने उनके गले से मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी कर लिया। काफी तलाश के बाद भी आरोपितों का पता नहीं चलने पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपितों की तलाश की गई। जांच में पता चला कि वारदात के बाद दोनों महिलाएं बिजनौर की ओर चली गई थीं।
लगातार निगरानी के दौरान 25 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों महिलाएं फिर किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सिद्धबली मंदिर क्षेत्र की ओर आ रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गुलर पुल के समीप सनेह रोड पर घेराबंदी कर दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन और एक लॉकेट बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वे अन्य जिलों में हुई इसी प्रकार की घटनाओं में भी शामिल रही हैं या नहीं।






