उत्तरकाशी। गोमुख ट्रैक पर महाराष्ट्र का 65 वर्षीय पर्यटक पैर फिसलने के बाद करीब 130 मीटर गहरी खाई में गिरकर लापता हो गया। घटना के बाद एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग और पोर्टरों की 18 सदस्यीय टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन लगातार बर्फबारी, बारिश और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित हो रहा है। शनिवार तक लापता पर्यटक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से पांच पर्यटक गंगोत्री से गोमुख की ओर जा रहे थे। शुक्रवार को चीड़बासा से आगे कच्चीढांग के पास 65 वर्षीय राम कुमार हनुमान गुप्ता, निवासी राजगढ़, महाराष्ट्र, का अचानक पैर फिसल गया। वह रास्ते से करीब 130 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरे और इसके बाद उनका पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलने पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। शनिवार को गंगोत्री से एसडीआरएफ के छह जवान और चार नेपाली पोर्टर रवाना हुए। वहीं भोजवासा से वन विभाग के चार जवान, दो पुलिसकर्मी और दो पोर्टर भी सर्च अभियान में शामिल हुए। टीम ने घटनास्थल के आसपास तलाश की, लेकिन खराब मौसम के चलते अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।
लापता पर्यटक के साथ आए दीपक छोटेलाल, शिवसेवक मोतीलाल और विशाल राम कुमार समेत अन्य पर्यटक फिलहाल गंगोत्री धाम के एक होटल में ठहरे हैं। लापता पर्यटक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहा है। मौसम में सुधार होने पर सर्च ऑपरेशन को व्यापक स्तर पर चलाने की तैयारी है।






