श्रीनगर, गढ़वाल । सिद्धपीठ धारी देवी मंदिर परिसर में शनिवार शाम एक महिला ने अचानक मंदिर की रेलिंग से डैम झील अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी, जिससे आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।गनीमत रही कि उसी समय झील में एक नाव मौजूद थी। नाव चालकों ने बिना समय गंवाए महिला का रेस्क्यू किया और सुरक्षित बाहर निकाला। कलियासौड़ चौकी प्रभारी विजय सैलानी ने बताया कि बद्रीनाथ दर्शन कर लौट रही पिंकी पालीवाल(32) पत्नी विजय पालीवाल , विनय बिहार कालोनी, जयपुर रोड़, जिला अजमेर, राजस्थान ने धारी देवी दर्शन के दौरान रैलिंग फांदकर जीवीके डैम की झील में छलांग लगा दी। बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से महिला का सकुशल रेस्क्यू किया गया । महिला को परामर्श के लिए बेस चिकित्सालय श्रीकोट भेजा गया है। जहां महिला की स्थिति सामान्य है। सैलानी ने बताया कि महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि दो-तीन दिनों से पारिवारिक मनमुटाव चल रहा था,जिससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। वहीं महिला के पति का अजमेर में स्टील का बड़ा कारोबार है।






