:उत्तरकाशी–
तहसील मोरी के सुदूरवर्ती ग्राम भितरी की 62 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। प्रशासन की त्वरित पहल के बाद महिला को हायर सेंटर दून चिकित्सालय के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम भितरी निवासी श्रीमती किसेन्द्री देवी पत्नी शुरबीर सिंह, उम्र 62 वर्ष, गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया।
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर और आवश्यक उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। चिकित्सकों की सलाह के बाद परिजनों ने जिला प्रशासन से हेली एंबुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
परिजनों के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने तत्काल युकाडा देहरादून से समन्वय कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इसके बाद गुरुवार को करीब शाम 4:25 बजे हेली एंबुलेंस के माध्यम से किसेन्द्री देवी को उपचार के लिए दून चिकित्सालय, देहरादून भेजा गया।
प्रशासन की इस त्वरित पहल से गंभीर हालत में महिला को समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए हायर सेंटर पहुंचाने में मदद मिली। परिजनों ने भी समय पर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था होने पर राहत की सांस ली।






