बदरीनाथ, । राजस्थान के भीलवाड़ा से बदरीनाथ धाम में भागवत कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालुओं के दल की दो महिलाओं की शुक्रवार तड़के तप्त कुंड में स्नान के दौरान मौत हो गई। दोनों महिलाएं लगातार डुबकियां लगाने के दौरान बेहोश हो गई थीं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया अधिक देर तक डुबकी लगाने से ऑक्सीजन की कमी अथवा अन्य कारण से हादसा होने की आशंका जताई है।बदरीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि भीलवाड़ा से श्रद्धालुओं का दल चार सितंबर को बदरीनाथ पहुंचा था। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे चार महिलाएं और एक पुरुष दर्शन से पहले तप्त कुंड में स्नान करने पहुंचे। पुरुष श्रद्धालु अमर चंद्र शर्मा पुरुष तप्त कुंड में गए, जबकि चारों महिलाएं महिला तप्त कुंड में स्नान करने लगीं।साथ में मौजूद भगवती और सोनी ने बताया कि रामू देवी (71), पत्नी अमर चंद्र शर्मा, और प्रेम देवी अमृत (63), पत्नी मदन लाल शर्मा, प्रभु स्मरण करते हुए लगातार 108 डुबकियां लगा रही थीं। इसी दौरान दोनों बेहोश होकर तप्त कुंड में गिर गईं।अन्य महिलाओं ने उन्हें बाहर निकाला, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस और लोगों ने सीपीआर देने का प्रयास किया। दोनों को तत्काल बदरीनाथ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






