रूद्रप्रयाग शहर के जवाड़ी बाईपास के आगे शिवम होटल के समीप नदी में एक शव दिखाई देने की सूचना पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को नदी से बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 08:08 बजे जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) एवं जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) रुद्रप्रयाग से SDRF पोस्ट रतूड़ा को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि जवाड़ी बाईपास के आगे शिवम होटल के पास नदी में एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही SDRF टीम उपनिरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ सुबह 08:12 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
SDRF टीम सुबह 08:45 बजे घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर नदी किनारे पहुंच बनाई। इसके बाद टीम ने आवश्यक रेस्क्यू तकनीकों का उपयोग करते हुए शव को नदी से बाहर निकाला। शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद SDRF टीम सुबह 10:05 बजे सकुशल पोस्ट रतूड़ा लौट आई।
अभियान में SDRF के कुल सात कार्मिक शामिल रहे, जिनमें एक हेड कांस्टेबल, तीन कांस्टेबल, एक प्लाटून माउंटेनियर तथा दो अन्य जवान शामिल थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






