श्रीनगर, गढ़वाल । श्रीनगर गढ़वाल स्थित राम चंद्रा ओरो डेंटल क्लिनिक के निदेशक डॉ. केके गुप्ता को यूरोप के लिस्बन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय दंत चिकित्सा सम्मेलन में डेंटल इंप्लांट के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। स्पेन के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. जोर्दी कवाली ने उन्हें यूरोपियन एसोसिएशन ऑफ ऑस्टीओइंटीग्रेशन (EAO) से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान प्रदान किया।सम्मेलन में विभिन्न देशों के दंत विशेषज्ञों ने आधुनिक इंप्लांट तकनीकों, नई उपचार पद्धतियों और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. गुप्ता ने अपने अनुभव साझा किए और वैश्विक विशेषज्ञों के साथ तकनीकी संवाद किया।डॉ. गुप्ता ने कहा कि सम्मेलन से उन्हें दंत चिकित्सा के नवीनतम विकास और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी मिली, जिसे मरीजों के बेहतर उपचार में शामिल किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि पर श्रीनगर के चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे शहर और देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।






