श्रीनगर। पौड़ी जिले के चाकीसैंण तहसील के अंतर्गत पौराणिक धार्मिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात और सैकड़ों ग्रामीण पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। यहां मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। आचार्य डॉ. शिव चरण नौडियाल ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा में ग्रामीणों ने सड़क संपर्क सुचारू करने, झील का सौंदर्यीकरण, विश्राम गृह और ध्यान केंद्र बनाने सहित श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने के सुझाव दिए। डॉ. रावत ने कहा कि ताराकुंड को बुंखाल मंदिर, पैठाणी के राहु मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, राजराजेश्वरी मंदिर देवलगढ़, कमलेश्वर महादेव और मां धारी देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के तीर्थाटन सर्किट से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ताराकुंड के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। इससे क्षेत्र की धार्मिक विरासत को पहचान मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।






