रुद्रप्रयाग। केदारनाथ से गंगोत्री के लिए निकला पांच सदस्यीय ट्रैकिंग दल बुधवार को सुरक्षित मिल गया। ट्रैकर्स से संपर्क होने के बाद जिला प्रशासन ने उनके लिए चलाया जा रहा खोज एवं बचाव अभियान समाप्त कर दिया। दल के सदस्य घुट्टू होते हुए टिहरी की ओर आगे बढ़ रहे हैं।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, प्रवेश चौहान अपने साथी अमित फर्सवाण, नवीन रावत, विवेक और संदीप के साथ 25 सितंबर को केदारनाथ से गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पाया। सूचना मिलने पर प्रशासन ने उनकी तलाश शुरू की।मंगलवार को बासुकीताल ट्रैक क्षेत्र से मासरताल तक हेलीकॉप्टर से सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में कम दृश्यता के कारण अभियान स्थगित करना पड़ा। बुधवार को मौसम अनुकूल होने पर यूकाडा के सहयोग से हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ-वासुकीताल से ऑडिन कॉल ट्रैक की ओर फिर से तलाश शुरू की। वहीं, सुबह पांच बजे एसडीआरएफ के चार, वन विभाग के दो और पुलिस के दो जवानों समेत आठ सदस्यीय टीम पैदल सर्च के लिए रवाना हुई।इसी बीच ट्रैकर प्रवेश चौहान के भाई यशवंत सिंह चौहान ने प्रशासन को फोन कर भाई समेत सभी सदस्यों के सुरक्षित होने की जानकारी दी। दोपहर 1:57 बजे जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी की अमित फर्सवाण से भी फोन पर वार्ता हुई। अमित ने सभी साथियों के सुरक्षित होने और घुट्टू की ओर से आगे बढ़ने की जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन ने सर्च अभियान में जुटी टीम को वापस बुला लिया।






