श्रीनगर, गढ़वाल । प्रदेश के वन मंत्री के गांव ओणी में एक महिला पर गुलदार ने हमला कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। घायल महिला का बेस चिकित्सालय श्रीकोट में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सांय 6 बजे के करीब घात लगाए गुलदार ने घर के समीप 48 वर्षीय विनिता देवी पत्नी किशोर पर हमला कर दिया। शोरगुल मचाने के बाद गुलदार वहां से भाग निकला। महिला के गर्दन और मुंह पर गंभीर जख्म आए हुए हैं। गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। महिला का पति श्रीनगर में होमगार्ड पद पर कार्यरत है। वहीं लगातार हो रही गुलदार की घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। बेस चिकित्सालय के इंमरजेंसी इंचार्ज डा. मोहित सैनी ने बताया कि गुलदार के हमले से घायल महिला का इलाज चल रहा है बताया कि महिला के गले, गर्दन, कान और नाक में बुरे जख्म आये हुए हैं।वहीं ग्रामीण कमल रावत ने बताया कि लगातार हो रही गुलदार की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को कैद किए जाने की मांग की है।






