ब्यूरो -टिहरी गढ़वाल के महादेव चट्टी क्षेत्र में देर रात एक ट्रक के गहरी खाई में गिरने की सूचना पर SDRF उत्तराखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल चालक का सफल रेस्क्यू किया। टीम ने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच साहसिक अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 मई 2026 को SDRF पोस्ट ब्यासी को पुलिस चौकी बचेलीखाल, थाना देवप्रयाग जनपद टिहरी गढ़वाल से सूचना प्राप्त हुई कि महादेव चट्टी से आगे डंपिंग जोन के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने देखा कि ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 120 से 125 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरा हुआ था। दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक सवार था, जो गंभीर रूप से घायल अवस्था में खाई में फंसा हुआ था।
रात्रि के अंधेरे और विषम परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए घायल चालक तक पहुंच बनाई। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को स्ट्रेचर और रोप की सहायता से सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया।
इसके बाद घायल को जिला पुलिस के सुपुर्द कर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। घायल चालक की पहचान अजय छेत्री पुत्र श्री राम सिंह, निवासी छिद्रवाला, देहरादून के रूप में हुई है।
SDRF के इस त्वरित और साहसिक रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।


