रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान दो यात्रियों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा। चिकित्सकों की सलाह पर गंभीर स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था तत्काल कराई गई।
दोनों यात्री केदारनाथ स्थित स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय में भर्ती थे। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता बताते हुए रेफर किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार ने चिकित्सा दल और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की।
एम्स ऋषिकेश भेजे गए यात्रियों में 65 वर्षीय मोहन भंडारी निवासी कर्नाटक और चेतराम निवासी वार्ड संख्या-7, छानी कटारई, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंभीर रूप से बीमार या घायल यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर हेली एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था लगातार की जा रही है।






