ब्यूरो –
कीर्तिनगर क्षेत्र के चौरास में लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी आंतरिक सड़कों के दिन अब बदलने जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग, कीर्तिनगर की राज्य योजना के अंतर्गत चौरास के आंतरिक मोटर मार्ग का पुनः निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शुरू होने वाला है। आज विधायक विनोद कंडारी ने इसका शिलान्यास किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना पर कुल 318.97 लाख रुपये की लागत आएगी, जबकि मार्ग की कुल लंबाई 9.70 किलोमीटर है।

इस कार्य के शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि खराब सड़कों के चलते लोगों को लंबे समय से आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने के बाद न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी श्री राम दयाल चौहान ने चौरास क्षेत्र में पानी की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक विनोद कंडारी को चांदी का मुकुट भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू बहुगुणा, मनोज जोशी, सुमन नौटियाल, अंजलि चौहान, नवीन कठैत, प्रधान धर्म भंडारी, वासु भट्ट, मनीष डंगवाल, ज्येष्ठ प्रमुख जगत रतूड़ी, कुलदीप चौहान, सैलेश मलाशी, प्रधान सपना देवी, नरेंद्र कुंवर, अनीता सिलवाल, किरण सिलवाल, सरिता पुंडीर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों और विभाग का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि विकास कार्य तय समय में पूर्ण कर क्षेत्र को बेहतर सुविधा प्रदान की जाएगी।






