:रुद्रप्रयाग
केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के एक ऐसा भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने कुछ पलों के लिए हर किसी की सांसें थाम दीं। तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक एसयूवी अनियंत्रित होकर लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और नदी किनारे बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में सवार पांच लोग मौत और जिंदगी के बीच संघर्ष कर रहे थे। खाई की गहराई, दुर्गम भू-भाग और गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए किसी बड़े अनिष्ट की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन संकट की इस घड़ी में SDRF देवदूत बनकर सामने आई और साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार रविवार प्रातः 05:10 बजे जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि से उप निरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
जब टीम मौके पर पहुंची तो सामने का दृश्य बेहद भयावह था। वाहन संख्या UP16-DK-0856 (SUV 700) सड़क से सैकड़ों फीट नीचे नदी किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ था। वाहन के शीशे टूट चुके थे और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर सहायता की प्रतीक्षा कर रहे थे। खाई इतनी गहरी और रास्ता इतना जोखिमभरा था कि नीचे तक पहुंचना ही किसी चुनौती से कम नहीं था।
हालात की गंभीरता को देखते हुए SDRF ने जिला पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू कर्मी रस्सियों के सहारे खड़ी ढलानों से नीचे उतरे। तेज ढलान, फिसलन भरे पत्थर और नदी किनारे की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने असाधारण साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए सभी घायलों तक पहुंच बनाई।
इसके बाद एक-एक कर घायलों को स्ट्रेचर और रस्सियों की सहायता से खाई से बाहर निकाला गया। कई घंटों तक चले इस कठिन अभियान के दौरान SDRF जवानों ने मानवीय संवेदनाओं और कर्तव्यनिष्ठा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। बाहर निकालने के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जिससे उन्हें समय रहते चिकित्सीय सहायता मिल सकी।
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान प्रिंस सिंह (30 वर्ष) निवासी पलामू, झारखंड, सभीमा सिंह (28 वर्ष) निवासी पश्चिम बंगाल, सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष) निवासी जलपाईगुड़ी, ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष) निवासी जलपाईगुड़ी तथा वाहन चालक प्रदीप कुमार (35 वर्ष) निवासी औरैया उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि राहत एवं बचाव दल कुछ देर और पहुंचता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। SDRF की त्वरित प्रतिक्रिया, सटीक रणनीति और साहसिक कार्रवाई ने पांच परिवारों की खुशियां उजड़ने से बचा लीं।






