पौड़ी/नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में हुए अग्निकांड मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी के परिजनों से गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि न्याय की इस लड़ाई में वह परिवार के साथ खड़े हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
सांसद अनिल बलूनी ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ दिल्ली पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। उन्होंने केशव नेगी को प्रथम दृष्टया निर्दोष बताते हुए उनके पक्ष को गंभीरता से सुने जाने और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच किए जाने का आग्रह किया था।
बलूनी ने कहा कि कानून अपना कार्य करेगा, लेकिन किसी भी व्यक्ति को बिना पर्याप्त तथ्यों के दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले की जांच पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो, इसके लिए वे लगातार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने सांसद के इस कदम की सराहना करते हुए इसे कठिन समय में परिवार को मिला महत्वपूर्ण संबल बताया। जनप्रतिनिधि के रूप में अनिल बलूनी की यह पहल उत्तराखंड के नागरिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और न्याय व्यवस्था में उनके विश्वास को दर्शाती है।






