देहरादून/श्रीनगर। श्रीकोट, श्रीनगर गढ़वाल निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के मुकदमे में नामजद पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।गौरतलब है कि 29 जुलाई को सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद मृतका की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट, श्रीनगर ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से ही उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और पति, सास तथा ननद द्वारा उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जांच क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी और उनके नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने त्वरित साक्ष्य संकलन करते हुए परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए।पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मृतका की मां ने एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने कथित रूप से घटना से पहले उन्हें भेजा था। वीडियो में मृतका ने विवाह के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने इसे जांच में मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों में शामिल किया है।प्राप्त साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने 1 अगस्त को नामजद आरोपी सौरभ खत्री (36 वर्ष) और सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।दून पुलिस ने कहा है कि महिला और बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है तथा इस प्रकरण में भी उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।उल्लेखनीय है कि सृष्टि कंडारी की मौत के बाद पूरे प्रदेश में इस मामले को लेकर न्याय की मांग उठ रही है और अब पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच निर्णायक चरण की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।






