पीपलकोटी/टिहरी। चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए दर्दनाक हादसे में टिहरी गढ़वाल के 31 वर्षीय प्रदीप पंवार की भी मौत हो गई। हादसे में सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें प्रदीप पंवार का नाम भी शामिल है।
प्रदीप पंवार टिहरी जिले के गंवाल गांव, पोस्ट ऑफिस काफलपानी, ब्लॉक थौलधार, प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले थे। उनकी शादी इसी वर्ष 13 अप्रैल को ग्राम हटवाल गांव, सत्यों निवासी युवती से हुई थी। शादी को अभी कुछ ही महीने हुए थे कि चमोली के पीपलकोटी में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
बताया गया कि प्रदीप के परिवार में उनके पिता, भाई, भाभी, पत्नी और छोटा भाई हैं। कुछ समय पहले ही उनकी माता का भी निधन हुआ था। मां की मौत के दुख से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि प्रदीप की अचानक मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया।
अचानक तेज हुआ पानी का बहाव
हादसे के दौरान टनल के भीतर अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान हवा के तेज झटके भी महसूस किए गए, जिससे बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर बैठे कुछ लोग तक गिर पड़े। इसके बाद पानी का बहाव बेहद तेजी से बढ़ गया और टनल के भीतर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू के दौरान कई मजदूरों को पानी के बीच से बाहर निकाला गया। हादसे में पानी और मलबे के कारण मजदूरों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक बचाए गए मजदूर ने भी टनल के भीतर अचानक पानी भरने और कुछ समय तक पानी में फंसे रहने का भयावह अनुभव बताया है।
प्रदीप की मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कुछ महीने पहले ही नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले प्रदीप के इस तरह दुनिया से चले जाने से परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह हादसा किसी पहाड़ टूटने से कम नहीं है।
पीपलकोटी टनल हादसे में राहत एवं बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की टीमें मलबे व पानी के बीच फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं।






