टिहरी गढ़वाल। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हिंडोलाखाल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय में भाजपा सरकार और हल्द्वानी के एसएसपी मंजूनाथ टीसी के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की जनसभा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के वाहनों को रोके जाने का विरोध करते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा प्रस्तावित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों को विभिन्न स्थानों पर घंटों रोके रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं द्वारा विरोध किए जाने तथा एसएसपी कार्यालय का घेराव करने के बाद ही कार्यकर्ताओं के वाहनों को छोड़ा गया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहनानंद डोभाल ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष शशि प्रकाश भट्ट, सुरेश राणा, मकान सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह चंद, यशपाल चौहान, केशवानंद तिवारी, मंगतराम मटियाल, जगदीश आर्य सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






