श्रीनगर, गढ़वाल । पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन अलर्ट हो गया है। खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को श्रीनगर में रोक दिया गया है।तहसीलदार दीपक भंडारी ने बताया कि यात्रियों के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही अलकनंदा नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।प्रशासन ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने तक आगे की यात्रा नहीं करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों के उफान की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।






