देहरादून –
पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के मकान में चल रहे कथित अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दिल्ली से देहरादून लाई गई एक नाबालिग युवती को भी पुलिस ने रेस्क्यू किया।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को नीलकंठ एनक्लेव में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में औचक छापेमारी की। मौके पर तीन महिलाएं और तीन पुरुष संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री/दवाइयां और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क करता था। व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों को महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं और उनकी मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे अथवा ग्राहकों के बताए स्थान पर भेजा जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि एक नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। पुलिस के अनुसार, युवती पर गलत काम करने का दबाव बनाया गया और उसके इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने युवती को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 704/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 96/99/127(2)/3(5), पोक्सो अधिनियम की धारा 14(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/11 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, व.उ.नि. मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा तेग्रवाल समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।






