केदारनाथ। केदारनाथ धाम में मंदिर मार्ग पर संचालित अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। कार्रवाई से नाराज व्यापारी हेलीपैड पर पहुंच गए और धरने पर बैठकर विरोध जताया।व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अस्थायी दुकानों के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे हैं। दुकानों को हटाए जाने से उनका रोजगार प्रभावित होगा और आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।

शनिवार को प्रशासन की टीम ने मंदिर मार्ग पर पहुंचकर अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई।इसके बाद बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। व्यापारियों के धरने की सूचना पर प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हुआ। अधिकारियों की ओर से व्यापारियों से वार्ता कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं व्यापारी दुकानें हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी मांगों पर कायम हैं।केदारनाथ में यात्रा सीजन के बीच अस्थायी दुकानों को हटाने का मामला अब विवाद का रूप लेता दिखाई दे रहा है। प्रशासन और व्यापारियों के बीच होने वाली वार्ता के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।






