केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े विषयों को लेकर विधायक आशा नौटियाल ने शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान केदारनाथ धाम एवं पैदल मार्ग पर स्वरोजगार कर रहे स्थानीय नागरिकों के हितों एवं आजीविका को सुरक्षित रखने का विषय विशेष रूप से उठाया गया। विधायक ने कहा कि केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्था को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाने के साथ-साथ यात्रा मार्ग पर वर्षों से स्वरोजगार कर रहे स्थानीय नागरिकों के रोजगार, सम्मान और हितों की रक्षा भी आवश्यक है। स्थानीय लोगों की आजीविका प्रभावित न हो, इसके लिए यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं और निर्णयों में उनके हितों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। विधायक ने कहा कि केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं के साथ स्थानीय लोगों के रोजगार और आजीविका की सुरक्षा भी उनकी प्राथमिकता है।
मुलाक़ात के दौरान विधायक नौटियाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने तथा आवश्यक चिकित्सकीय एवं अन्य पदों के सृजन का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि ऊखीमठ चारधाम एवं पंचकेदार यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ-साथ तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालय तथा आसपास के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों का प्रमुख केंद्र है। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय आबादी के साथ-साथ तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। मुलाक़ात के बाद विधायक नौटियाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टिगत जल्द ऊखीमठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण व पदों का सृजन किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान उन्होंने मोहनखाल–किणझाणी–चोपता मोटर मार्ग के नव निर्माण का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने मुख्यमंत्री से इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण से संबंधित आवश्यक कार्यवाही को शीघ्र आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग है। मोटर मार्ग का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और विकास की गति को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विधायक नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की जनभावनाओं, स्थानीय नागरिकों के हितों और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का समाधान उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की आवश्यकताओं को शासन स्तर पर लगातार उठाते हुए प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि की भावना के साथ क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान और केदारनाथ विधानसभा के समग्र विकास के लिए उनका निरंतर प्रयास जारी रहेगा।






