देवप्रयाग। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को जामणीखाल में मातृशक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए सड़कों की बदहाल स्थिति, स्कूलों के बंद होने, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और पेयजल संकट का मुद्दा उठाया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी है। उन्होंने मनरेगा में काम नहीं मिलने, फेस मैपिंग और जियो ट्रैकिंग के कारण गरीब मजदूरों को योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाया।

महिलाओं ने क्षेत्रीय विधायक के पूर्व चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा कि एनसीसी की जगह रोजगारपरक संस्थान खोलने और क्षेत्र में फल पट्टी विकसित करने की घोषणाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं।महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष पूजा रावत और बीना पंवार ने महिलाओं से संवाद करते हुए क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर कांग्रेस शासन की योजनाओं का नाम बदलने और महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश राणा, अनीता रावत और रीना भटगांई ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत है। कार्यक्रम में मोहनानंद डोभाल, राजेंद्र सिंह चंद, मंगतराम मटियाल, शशि प्रकाश भट्ट, मकान सिंह चौहान, वीर सिंह पंवार, पूरन पंवार, धनवान सिंह, रामलाल नौटियाल, अनिल कुमार, शोभन सिंह भंडारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







