श्रीनगर, 17 मई। बद्रीनाथ-केदारनाथ यात्रा पर जा रही एक महिंद्रा बोलेरो वाहन शनिवार को श्रीकोट स्थित गैस एजेंसी के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक सहित मध्यप्रदेश के सात तीर्थयात्री घायल हो गए।जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग 11:30 बजे की है। वाहन संख्या UK08TA4242 यात्रियों को लेकर चारधाम यात्रा पर जा रहा था, तभी श्रीकोट के पास अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर पुलिस तत्काल राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।पुलिस टीम ने बिना देर किए सभी घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से बेस हॉस्पिटल श्रीनगर पहुंचाया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के दौरान पुलिस ने तेजी और सूझबूझ के साथ राहत कार्य संचालित किया, जिससे घायलों को समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सकी। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।पर्वतीय मार्गों पर सावधानी बरतने की अपीलजनपद पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन अवश्य करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।





