श्रीनगर। श्री आदर्श रामलीला समिति की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित 127वें रामलीला मंचन के तीसरे दिन मंगलवार को राम-सीता विवाह की लीला का मंचन किया गया। इससे पूर्व कमलेश्वर महादेव मंदिर से भगवान राम की बारात निकाली गई। बारात गणेश मंदिर परिसर में पहुंची, जहां राजा दशरथ, भरत और शत्रुघ्न से राम-लक्ष्मण का मिलन हुआ। इसके बाद बारात बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची। पूजा-अर्चना के बाद बारात रामलीला मैदान पहुंची, जहां राजा जनक और रानी सुनैना ने भगवान की आरती की। इसके बाद राम-सीता विवाह का मंचन किया गया।
इस वर्ष रामलीला में युवाओं और वरिष्ठ कलाकारों के तालमेल के साथ नए परिधानों और संगीत की प्रस्तुति दर्शकों को आकर्षित कर रही है। महिला पात्रों के अभिनय के साथ प्लेबैक गायन ने मंचन को जीवंत बनाया। सीता के पात्र के साथ गायिका वसुधा गौतम और रानी सुनैना के पात्र के साथ प्रिया ठक्कर की आवाज के तालमेल को दर्शकों ने सराहा। आयोजन में दर्शकों की संख्या भी बढ़ रही है।
लीला में राम की भूमिका अभिषेक, लक्ष्मण की पवन, सीता की आरुषि डोभाल, दशरथ की अंकित रावत, जनक की बुद्धिबल्लभ उनियाल, सुनैना की अनिता कुंवर, भरत की कन्हैया और शत्रुघ्न की अंश बडोनी ने निभाई। सीता की बहनों की भूमिका कनक डंगवाल, खुशी और कशिश ने निभाई। रुद्रनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी भट्टजी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान समिति के अध्यक्ष और कार्यकारिणी के सदस्य भी उपस्थित रहे।






