:चमोली-
जनपद में नशे के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार द्वारा चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कर्णप्रयाग पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2025 के चरस तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर सप्लायर बलवीर सिंह उर्फ बल्ली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला?
दिनांक 03 अक्टूबर 2025 को कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने अजय सिंह पिमोली नाम के एक अभियुक्त को 520 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया था। चौंकाने वाली बात यह थी कि पकड़ा गया अभियुक्त खुद बीटेक का छात्र था और श्रीनगर कॉलेज के छात्रों को नशे के जाल में धकेलने की साजिश रच रहा था। अभियुक्त अजय सिंह पिमोली को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जिला कारागार चमोली भेजा गया था।
एसपी चमोली के स्पष्ट निर्देश थे कि केवल नशे के साथ पकड़े गए व्यक्ति तक सीमित न रहकर, इस अवैध कारोबार की पूरी चेन और मुख्य स्रोत का पता लगाया जाए।अभियुक्तों के बीच हुए बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल खंगालने पर यह स्पष्ट हुआ कि बलवीर सिंह ही वह मुख्य सप्लायर था, जो शिक्षण संस्थानों के छात्रों तक नशा पहुँचाने के इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
आरोपी बलवीर सिंह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। दिनांक 05/05/2026 को पुलिस टीम ने घेस-देवाल मार्ग पर घेराबंदी कर अभियुक्त बलवीर सिंह उर्फ बल्ली पुत्र बहादुर सिंह निवासी ग्राम हिमनी, पोस्ट घेस, थाना थराली, जिला चमोली उम्र 32 वर्ष को अंतर्गत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में किया गिरफ्तार किया गया जिसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
एसपी चमोली ने कहा कि,”जनपद में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हमारी टीम साक्ष्यों और तकनीक के आधार पर हर उस व्यक्ति तक पहुँचेगी जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है।”






