श्रीनगर गढ़वाल । श्रीनगर के कमलेश्वर मोहल्ले में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति अपने किराये के घर के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिसकर्मियों को अपने वाहन से उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को घर के बाहर काफी देर से अचेत अवस्था में पड़ा देखा। कोई हलचल नहीं होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिसकर्मी अपने वाहन से व्यक्ति को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उक्त व्यक्ति मंगलवार देर रात करीब तीन बजे कुछ लोगों के साथ अपने घर पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसके कुछ समय बाद वह घर के बाहर ही अचेत अवस्था में पड़ा रहा। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक व्यक्ति कमलेश्वर मोहल्ले में किराये पर रहता था। उसके एलआईसी कर्मी होने की जानकारी भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






