श्रीनगर,गढ़वाल । नगर निगम श्रीनगर ने रविवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। महापौर आरती भंडारी स्वयं टीम के साथ मुख्य बाजारों में उतरीं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित 20 से अधिक ठेलियों को जब्त किया गया, जबकि सड़क और नालियों तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नगर निगम ने निरीक्षण में व्यापारियों को साफ निर्देश दिए गए कि वे दुकान के बाहर केवल 2.5 फीट तक ही सामान रखें और किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण न करें। सब्जी विक्रेताओं को नालियों से उचित दूरी बनाए रखने को कहा गया। नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों की सराहना भी की गई। नगर निगम टीम ने टीजीएमओ बस अड्डे और अंग्रेजी शराब की दुकान के आसपास भी निरीक्षण किया, जहां गंदगी मिलने पर संबंधित संचालकों को तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान कई स्थानों पर मौके पर ही सफाई करवाई गई और ‘जीरो टॉलरेंस’ का संदेश दिया गया।श्रीनगर मेयर आरती भंडारी ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाना निगम की प्राथमिकता है। चारधाम यात्रा को देखते हुए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।मौके पर सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, कर अधीक्षक सुशील कुरील व अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






