ब्यूरो -(सीबीआई) देहरादून को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीबीआई की टीम ने रुद्रप्रयाग पुलिस के सहयोग से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित फाटा क्षेत्र से एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, सीबीआई देहरादून को सूचना प्राप्त हुई थी कि एलयूसीसी घोटाले में वांछित आरोपी केदारनाथ यात्रा पर आया हुआ है। सूचना की तस्दीक के बाद सीबीआई टीम ने स्थानीय चौकी फाटा पुलिस (कोतवाली गुप्तकाशी) के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए आरोपी को धर दबोचा।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुशील महावीर प्रसाद गोखरू पुत्र महावीर प्रसाद, निवासी गुसाईं मथ, भोजारास, हुरड़ा, भटेरा, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है।बताया गया है कि अभियुक्त सीबीआई देहरादून में दर्ज अभियोग मु.अ.सं. RC0072025E0007 में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC), भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनियमित जमा योजना पाबंदी अधिनियम (BUDS Act) तथा यूपीआईडी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है।सीबीआई और रुद्रप्रयाग पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को एलयूसीसी घोटाले के खिलाफ चल रही जांच में अहम सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु सीबीआई टीम अपने साथ ले गई है।






