श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिका और डिग्री तैयार कर नौकरी हासिल करने के मामले में श्रीनगर पुलिस ने एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मनजीत सिंह (33) को बसंत विहार, साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी ने गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री तैयार कर उसके आधार पर एक कंपनी में मैनेजर की नौकरी हासिल की थी। विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।मामले में 25 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जय सिंह चौहान की तहरीर पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कासिफ कलीम और अन्य लोगों ने विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, उपाधि प्रारूपों, मोहरों और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार कर उनका वास्तविक दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल किया। पुलिस इस मामले में कासिफ कलीम और देवांश पांडे को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब विवेचना में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।






