ब्यूरो -श्री बदरीनाथ धाम में श्रावण मास शुक्ल पक्ष पंचमी के अवसर पर भगवान नर-नारायण जन्मोत्सव के दूसरे दिन भगवान नर-नारायण की उत्सव विग्रह डोली नगर भ्रमण के तहत समारोहपूर्वक बामणी गांव स्थित मां नंदा मंदिर पहुंची। इससे पूर्व डोली भगवान नर-नारायण के जन्मस्थल लीला ढूंगी पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं अभिषेक संपन्न हुआ।

इसके बाद भगवान नर-नारायण की विग्रह शोभायात्रा बामणी गांव पहुंची। यहां मां नंदा मंदिर में भगवान नर-नारायण ने मां नंदा से भेंट की। बामणी गांव के महिला मंगल दल ने पारंपरिक जागरों के साथ भगवान नर-नारायण का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और उन्होंने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि सावन माह के अंतिम सोमवार को श्री बदरीनाथ धाम स्थित आदि केदारेश्वर मंदिर में रावल अमरनाथ नंबूदरी ने पके चावलों का प्रसाद शिवलिंग पर समर्पित कर अन्नकूट पूजा-अर्चना की। इस दौरान सभी के सुख-समृद्धि की कामना की गई। पूजा में धर्माधिकारी, वेदपाठी और आचार्यजन शामिल हुए। वहीं, नर-नारायण जयंती के दूसरे दिन लीला ढूंगी में नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, वेदपाठी रवीन्द्र भट्ट और वेदपाठी वाणी विलास डिमरी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं अभिषेक संपन्न कराया।






