श्रीनगर (उत्तराखंड)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में ओडिया छात्र संगठन की ओर से नुआखाई भेटघाट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिमालयी राज्य में रह रहे ओडिया विद्यार्थियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नुआखाई पर्व मनाते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन ओडिया छात्र संगठन के प्रमुख दिवाकर साहू, गौरब पुरोहित और जिअन के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के इतिहास एवं पुरातत्व विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुबोध कुमार मेंडली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु भंडारी और महासचिव मयंक बहुगुणा समेत अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां समलेई और भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने समलेई एवं जगन्नाथ भजनों की प्रस्तुति दी। अतिथियों ने नुआखाई पर्व के सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में ओडिया एवं संबलपुरी गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। विद्यार्थियों ने ओडिया मिथकों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता के साथ विभिन्न पारंपरिक ओडिया खेलों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के प्रमुख सदस्य गौरब पुरोहित ने अतिथियों, सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार जताया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे से पारंपरिक जुहार-भेट कर नुआखाई की आत्मीय परंपरा का निर्वहन किया। दूर प्रदेश में आयोजित इस आयोजन ने ओडिया विद्यार्थियों को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपरा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






