देहरादून। नशा मुक्त दून अभियान के तहत सेलाकुई पुलिस ने डिलीवरी बॉय की आड़ में स्मैक तस्करी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 22.81 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, दो अक्तूबर को तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क में चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी (30) पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में राजावाला, सेलाकुई में किराये पर रह रहा था।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता था और सामान पहुंचाने की आड़ में नशे के आदी युवकों को स्मैक सप्लाई करता था। मामले में थाना सेलाकुई में मुकदमा संख्या 147/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर स्मैक सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।






