नैनीताल -जनपद के भीमताल विकासखंड अंतर्गत भद्यूनी गांव में बाघ के आतंक ने एक और घर का चिराग बुझा दिया है। काठगोदाम के पास के इस गांव में आदमखोर बाघ ने 30 वर्षीय युवक कमल सिंह बिष्ट को अपना निवाला बना लिया। सबसे भयावह बात यह है कि घटना गांव के भीतर, घर के बिल्कुल समीप हुई है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, भद्यूनी निवासी 30 वर्षीय कमल सिंह बिष्ट पुत्र इंद्र सिंह बिष्ट, गुरुवार देर शाम घर के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने पूरी रात उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की, तो जंगल में कमल सिंह का आधा खाया हुआ शव बरामद हुआ। दृश्य इतना वीभत्स था कि ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया।भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर वन विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि बीते दिन ही उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) को क्षेत्र में बाघ की सक्रियता की सूचना दी थी और ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद विभाग ने गश्त या पिंजरा लगाने जैसी कोई त्वरित कार्यवाही नहीं की, जिसका खामियाजा एक युवा किसान को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि संबंधित क्षेत्र रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आता है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि विभाग सीमाओं के फेर में उलझा है और यहाँ लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम और पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है, जहाँ ग्रामीणों का गुस्सा चरम पर है।मृतक कमल सिंह के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में स्थाई रूप से गश्त बढ़ाने की मांग की है।







