श्रीनगर गढ़वाल । जनपद पौड़ी की नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने रविवार को संयुक्त उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, आईसीयू और विभिन्न विभागों के कार्यों का निरीक्षण किया तथा भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से उपचार और सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।निरीक्षण के दौरान मरीजों ने अस्पताल में मिल रहे उपचार और समय पर उपलब्ध कराए जा रहे पौष्टिक भोजन पर संतोष व्यक्त किया। डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और प्रतिदिन लगभग 350 मरीजों की ओपीडी होना लोगों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।चारधाम यात्रा और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अस्पताल की महत्वपूर्ण स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को आईसीयू का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग ने कहा कि अस्पताल की पूरी टीम मरीजों को बेहतर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। निरीक्षण के दौरान डॉ. गोविंद पुजारी, डॉ. सचिन चौबे, डॉ. दिग्पाल दत्त, डॉ. मारिषा पंवार सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।






