ब्यूरो -उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान लक्ष्मणझूला क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो फर्जी पहचान के सहारे भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल को कोतवाली लक्ष्मणझूला और अभिसूचना इकाई द्वारा रामझूला क्षेत्र में संयुक्त सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसकी जानकारी विरोधाभासी पाई गई। गहन पूछताछ में उसने अपना असली नाम सनीउर रहमान (39 वर्ष), निवासी फरीदपुर, बांग्लादेश बताया।
जांच में सामने आया कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में रह रहा था और “सत्यनिष्ठ आर्य” नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाकर अपनी पहचान छुपा रहा था। उसके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट (2018 में समाप्त), आधार कार्ड, मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद किए गए।
पूछताछ में यह भी पता चला कि वह दिल्ली, गाजियाबाद, बंगाल सहित कई स्थानों पर रह चुका है और हाल ही में लक्ष्मणझूला घूमने आया था।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली लक्ष्मणझूला में विभिन्न धाराओं सहित इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान के तहत पुलिस लगातार अवैध रूप से निवास कर रहे व्यक्तियों, फर्जी दस्तावेज धारकों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।







